चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) चंबा वर्कशॉप में बसों की धुलाई के लिए पर्याप्त व्यवस्था न होने से परिवहन संचालन प्रभावित हो रहा है। मौजूदा व्यवस्था में एक समय में केवल एक ही बस की धुलाई हो पाती है।
धुलाई के बाद बस को बाहर निकालने के लिए पीछे खड़ी अन्य बसों को हटाना पड़ता है, जिससे कई बसें निर्धारित समय से देर से अपने रूटों पर रवाना हो रही हैं।
वर्कशॉप में बसों के लिए वन-वे निकासी की सुविधा नहीं है। बस को वॉशिंग प्वाइंट तक पीछे की ओर ले जाया जाता है और धुलाई के बाद उसी रास्ते से वापस निकाला जाता है। इस दौरान पीछे खड़ी सभी बसों को हटाना पड़ता है, तभी धुली हुई बस बाहर निकल पाती है।
सुबह के समय अधिकांश बसों को अलग-अलग रूटों पर रवाना होना होता है, जिससे एक बस की धुलाई के कारण कई अन्य बसों का संचालन भी प्रभावित होता है। बार-बार बसों को आगे-पीछे करने में कर्मचारियों का समय अधिक लगता है।
साथ ही अनावश्यक रूप से ईंधन की खपत भी बढ़ती है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि धुलाई के बाद बस सीधे आगे की ओर निकल सके तो समय की बचत होने के साथ संचालन भी अधिक सुचारु हो जाएगा।
वर्कशॉप से जुड़े कर्मचारियों का सुझाव है कि यहां वन-वे वॉशिंग सिस्टम विकसित किया जाए, ताकि बस एक ओर से वॉशिंग क्षेत्र में प्रवेश करे और धुलाई के बाद दूसरी ओर से सीधे बाहर निकल सके। इससे बसों की आवाजाही सुगम होगी और संचालन में आने वाली बाधाएं भी दूर होंगी।
एचआरटीसी के प्रांतीय उपप्रधान ओम शंकर ने बताया कि वर्कशॉप में बसों की धुलाई के दौरान आने वाली समस्याओं का मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इसका स्थायी समाधान निकाला जाएगा।