चंबा। पुखरी क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण रूटों पर एचआरटीसी बस सेवाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी बस सेवा शुरू न होने से उन्हें निजी टैक्सियों और बसों में सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वे बस सेवा शुरू करने की मांग कई बार कर चुके हैं लेकिन, अभी तक एचआरटीसी ने इन रूटों पर बसें नहीं चलाईं।
जानकारी के मुताबिक कोरोना महामारी की दूसरी लहर आने के बाद एचआरटीसी की ओर से चंबा-पुखरी-त्रिया और चंबा-सिढ़कुंड माणी रूट पर बस सेवाएं बंद कर दी गई थी लेकिन, अब सरकार ने एक जुलाई के बाद बंदिशों में छूट दी है। ग्रामीणों रमेश कुमार, कपिल कुमार, सुरेंद्र सिंह, विमला देवी, राकेश कुमार, सुनील कुमार, पवन कुमार, शशि कुमार का कहना है कि एक जुलाई से शीतकालीन सत्र के स्कूल भी खुल गए हैं।
ऐसे में स्टाफ को आवाजाही के लिए काफी परेशानी हो रही है। इस क्षेत्र में डेढ़ दर्जन के करीब सरकारी स्कूल हैं। लोगों ने आरएम से मांग की है कि जल्द बस सेवा को शुरू किया जाए। आरएम राजन जम्वाल का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि जल्द इसके बारे में उचित कदम उठाए जाएंगे।