चंबा। जिले में एक बार फिर कोरोना की रफ्तार बढ़ने लगी है। मंगलवार को चंबा में कोरोना के चालीस नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग ने तय सुविधा के मुताबिक सभी संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को 1211 सैंपलों की जांच रैट के तहत की गई। इनमें 31 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव रही। वहीं, आरटीपीसीआर में जांचे गए सैंपलों में से नौ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नए कोरोना संक्रमित कलेल, बिहोड़, बाड़का, सरू, मुगला, चंडी लड़ोग, अथेड़, सियुंर, पंजेई, डगोह, नेरा, मानसा, धकयाड़ा, अनियुंड, बोंदेड़ी, शूल, जंदल, घुंडेरा, सिदोट, अथेड़, जलाड़ी, बैली, उहां आदि क्षेत्रों से संबंधित हैं। वहीं, दूसरी तरफ 15 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। जिले में सक्रिय केस अब 278 पहुंच गए हैं। जबकि, मंगलवार को जिले में पॉजिटिविटी रेट 2.56 प्रतिशत रहा। गौरतलब है कि एक सप्ताह से जिले में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है।
लोग नियमों की पालना करने के बजाय बाजार में बिना मास्क घूम रहे हैं। साथ ही दो गज की दूरी नियम की भी धज्जियां उड़ा रहे हैं जो कोरोना संक्रमण को दावत है। बीते सप्ताह में करीब डेढ़ सौ मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि, रिकवरी रेट बेहतर न होने के चलते सक्रिय मामलों में लगातार कमी भी आ रही है। सीएमओ डॉ. कपिल शर्मा ने बताया कि मंगलवार को चंबा में कोरोना के चालीस नए मामले सामने आए। कहा कि विभाग नियमित रूप से सैंपलिंग कर रहा है।