नगाली से बनीखेत आ रही एचआरटीसी बस बीच रास्ते खराब, ग्रामीण रूटों पर नई बसें चलाने की मांग
दोपहर तीन बजे निकली बस में सवार थे करीब 30 यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। करवाचौथ की खरीदारी के लिए बाजार निकलें और रास्ते में ही सफर थम जाए तो त्योहार की तैयारी भी परेशानी में बदल जाती है।
बुधवार को नगाली से बनीखेत आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस बीच रास्ते खराब हो गई। बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकतर महिलाएं थीं। ये महिलाएं करवाचौथ की खरीदारी के लिए बनीखेत और बाथरी जा रही थीं, लेकिन बस खराब होने से उन्हें रास्ते में परेशानी झेलनी पड़ी।
दोपहर तीन बजे नगाली से चली बस के बीच रास्ते में रुकने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। सुमन देवी, नीलम, मोनिका, सुषमा, मनोज कुमार, आशीष कुमार और विकेश कुमार ने बताया कि बस खराब होने से उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हुई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं। ऐसे में बसों का बीच रास्ते खराब होना उनकी परेशानी बढ़ा देता है। त्योहार के समय इस तरह की समस्या से खरीदारी के लिए निकले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से ग्रामीण रूटों पर नई और तकनीकी रूप से दुरुस्त बसें चलाने की मांग की है। उन्होंने बसों की नियमित जांच और रखरखाव पर ध्यान देने की बात कही, ताकि यात्रियों को बीच सफर में परेशान न होना पड़े।
उधर, एचआरटीसी बनीखेत के अड्डा प्रभारी रमेश शर्मा ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण यह समस्या पेश आई। बस को मौके पर ठीक करने के लिए मेकेनिक भेज दिया गया है।