मिंधल पंचायत में दो घरों की बिजली हुई सुचारू, खराब मीटर के साथ पीवीसी वायर भी बदली
विद्युत बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंचकर की कार्रवाई, प्रभावित उपभोक्ताओं को मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत मिंधल में स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बाधित हुई बिजली आपूर्ति को विद्युत बोर्ड ने बहाल कर दिया है।
दोनों घरों के जले स्मार्ट मीटर और पीवीसी वायर बदलने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई। इससे प्रभावित उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
बता दें कि निजी कंपनी की टीम ने मिंधल पंचायत में दो उपभोक्ताओं के घर पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए थे। उस समय गांव में बिजली आपूर्ति बंद थी। शाम को बिजली आने के बाद दोनों घरों में बिजली बाधित हो गई। थांदल निवासी चमारू राम और मिंधल निवासी आत्मा राम ने बताया कि मीटर बदलने के बाद ही समस्या सामने आई। घर की वायरिंग की जांच करवाने पर वह सही पाई गई।
उपभोक्ताओं ने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को समस्या की जानकारी दी थी। संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अमर उजाला में मामला प्रकाशित होने के करीब 24 घंटे बाद बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खराब स्मार्ट मीटर और पीवीसी वायर बदली, जिसके बाद बिजली बहाल हो गई। सहायक अभियंता हेम सिंह ने बताया कि जले हुए स्मार्ट मीटर बदल दिए गए हैं और बिजली आपूर्ति सुचारू करवा दी गई है।