चंबा विंटर कप क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता टीम को सम्मानित करते आयोजक एससी नैयर और अन्य।संवाद
चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में शुक्रवार को विंटर क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब बीआरटीसी की टीम ने जीता। खिताबी मुकाबले में बीआरटीसी की टीम ने सुल्तानपुर को 60 रन से हराया। प्रतियोगिता के समापन समारोह पर मेजर एससी नैयर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
इससे पहले बीआरअीसी की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बीआरटीसी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 207 रन बनाए। इसमें विनय ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 81 रन की पारी खेली। हैरी ने भी 31 रन का योगदान दिया। सुल्तानपुर की ओर से प्रियन ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुल्तानपुर की टीम 147 रन ही बना सकी। इसमें हर्ष ने 29 रन का योगदान दिया, लेकिन अपनी टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा पाए। बीआरटीसी की ओर से सुनील ने तीन और वरुण ने दो विकेट हासिल किए। विजेता बीआरटीसी टीम को 31 हजार रुपये और उप विजेता 21 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 80 टीमों ने भाग लिया।