चंबा। घर के पास जंगल में फंदा लगाकर 23 वर्षीय युवक ने अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान राजीव कुमार पुत्र लाल चंद निवासी भरमाणा के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद चुवाड़ी थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उतरवा कर चुवाड़ी अस्पताल पहुंचाया।
शनिवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक वीरवार को राजीव कुमार अपनी मां के साथ गांव के पास जंगल में घास और लकड़ियां लेने के लिए गया था। युवक की मां बेटे से पहले घास लेकर घर पहुंच गई लेकिन बेटा घर नहीं पहुंचा। युवक की तलाश के लिए उसकी मां ग्रामीणों सहित जंगल पहुंची।
इस दौरान जंगल में युवक का शव पेड़ से लटका मिला। बहरहाल, पंचायत प्रधान ने बकलोह पुलिस चौकी में फोन से घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए चुवाड़ी अस्पताल पहुंचाया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा। पुलिस अधीक्षक चंबा अरुल कुमार ने घटना की पुष्टि की है। कहा कि अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच कर रही है।