38 लाख की आधुनिक मशीन से साफ दिखेगी हड्डी की स्थिति, एक सर्जरी में करीब 25 मिनट तक बचने की उम्मीद
स्पाइन सर्जरी, स्क्रू प्रत्यारोपण और फ्रेक्चर उपचार में मिलेगा लाभ, पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुआ मशीन का इस्तेमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में हड्डियों की सर्जरी अब आधुनिक तकनीक के सहारे और सटीक तरीके से होगी। मरीजों के लिए करीब 38 लाख रुपये की अत्याधुनिक सी-आर्म मशीन उपलब्ध करवाई गई है।
मशीन के इस्तेमाल से ऑपरेशन के दौरान हड्डी की स्थिति की स्पष्ट एक्सरे तस्वीर मिल सकेगी। इससे चिकित्सकों को सर्जरी के दौरान जरूरी निर्णय लेने में आसानी होगी और कम चीर-फाड़ के साथ प्रक्रिया पूरी करने में मदद मिलेगी।
हड्डियों की सर्जरी में ऑपरेशन के दौरान स्पष्ट इमेजिंग बेहद महत्वपूर्ण होती है। पुरानी मशीन से कई बार तस्वीर स्पष्ट न आने पर हड्डी की स्थिति जांचने में अतिरिक्त समय लगता था। नई मशीन से इस प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। चिकित्सकों के अनुसार एक ऑपरेशन में करीब 25 मिनट तक का समय बच सकता है। इससे मरीज की सर्जरी कम समय में पूरी होने के साथ ऑपरेशन थियेटर का समय भी बचेगा और अधिक मरीजों को सर्जरी की सुविधा दी जा सकेगी।
सोमवार को प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप सिंह, हड्डी रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. मानिक सहगल और अन्य स्टाफ ने पूजा-अर्चना के बाद नई मशीन को ओटी में स्थापित कर संचालित किया। मेडिकल कॉलेज में चंबा के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी हड्डियों के उपचार के लिए मरीज पहुंचते हैं।
रीढ़ की सर्जरी में विशेष फायदा
मेडिकल कॉलेज प्रवक्ता डॉ. मानिक सहगल ने बताया कि सर्जरी के दौरान बेहतर इमेजिंग मिलने से चिकित्सकों को निर्णय लेने में आसानी होगी। सी-आर्म मशीन की मदद से स्पाइन सर्जरी, स्क्रू प्रत्यारोपण और फ्रैक्चर के उपचार में अधिक सटीकता से काम किया जा सकेगा। इससे सर्जरी की प्रक्रिया को तेज करने में भी मदद मिलेगी।