चंबा। 12 दिन पहले बालू के पास रावी नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव राजनगर के पास चमेरा जलाशय में मिला है।
मृतक की पहचान विवेक कुमार पुत्र प्रेम लाल निवासी गांव करेल डाकघर पुंटो के रूप में हुई है। उसे 21 मई को रात के समय स्थानीय लोगों ने रावी नदी में कूदते देखा था। इसके बाद पुलिस ने उसे तलाश करने के लिए सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि राजनगर के पास चमेरा जलाशय में एक शव नजर आ रहा है। सूचना पाते ही चंबा थाना की टीम थाना प्रभारी की अगुवाई में राजनगर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से शव को जलाशय से निकाला गया। शव की शिनाख्त करने के लिए युवक के परिजनों को बुलाया गया। उन्होंने शव की शिनाख्त की। शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के लिए अभी तक यह एक पहेली बनी हुई है कि आखिरकार युवक ने रावी नदी में छलांग क्यों लगाई। इसको लेकर परिजनों के पास भी कोई जवाब नहीं है। मृतक चंबा न्यायालय में नौकरी करता था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।