होली क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में पिछले दो दिनों से बिजली नहीं है। ग्रामीणों को सर्द रातें अंधेरे में ही बसर करनी पड़ रही है। होली क्षेत्र के होली, कुठेड़, कुलेट, दियोल, न्याग्रां व बजोल गांव में दो दिनों से बिजली सप्लाई बंद पड़ी है।
ग्रामीणों को रात के समय रोशनी करने के लिए दीया जलाना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीण अपने घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों में देश राज, मान सिंह, चैन लाल, होशियारा राम, देवी सिंह, कमल कुमार, टेक चंद और रविंद्र कुमार ने बताया कि होली क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में बिजली सप्लाई बर्फबारी की वजह से दो दिनों से बंद पड़ी है।
इसके कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड कर्मचारी बिजली लाइन को ठीक करने के कार्य में लगे हुए हैं लेकिन अभी तक बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई है।
उन्होंने बिजली बोर्ड से अनुरोध किया है कि उपरोक्त गांव की बंद पड़ी बिजली सप्लाई को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। कनिष्ठ अभियंता भान दत्त शर्मा ने बताया कि बर्फबारी की वजह से होली क्षेत्र के आधा दर्जन गांव की बिजली सप्लाई बंद हुई है। इसे बहाल करने के लिए कर्मचारी पूरी मेहनत से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही बिजली की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।