पठानकोट के पहलवान ने चंबी के अखाड़े में मारी बाजी, 8100 रुपये का मिला इनाम
रोमांचक फाइनल में खैरी के अंकु को दी शिकस्त, उपविजेता को 7100 रुपये से किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत सूदली के गांव चंबी में वीरवार को बाबा लखदाता छिंज का आयोजन हुआ। इसमें हिमाचल प्रदेश समेत पड़ोसी राज्यों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
आयोजन समिति के सदस्य सुदर्शन कुमार ने बताया कि फाइनल मुकाबला खैरी के पहलवान अंकु और पठानकोट के पहलवान बिट्टा के बीच हुआ। दोनों के बीच काफी देर तक जोरदार दांव-पेंच देखने को मिले। अंत में बिट्टा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंकु को शिकस्त देकर छिंज अपने नाम कर ली।
विजेता पहलवान बिट्टा को 8100 रुपये और उपविजेता अंकु को 7100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। छिंज के दौरान हुए अन्य मुकाबलों में भी पहलवानों ने अपनी कुश्ती प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ लोक संस्कृति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।