चंबा। जिले में बर्ड फ्लू की आशंका के चलते लिए एकत्रित किए गए 52 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह रिपोर्ट पशुपालन विभाग चंबा के पास रविवार को पहुंच गई है। इस बारे में प्रशासन को भी अवगत करवा दिया गया है। हालांकि, निर्धारित की बंदिशें अब भी जारी रहेंगी। खबर की पुष्टि पशुपालन विभाग चंबा के उपनिदेशक डॉ. राजेश सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सैंपल लिए गए थे। गौरतलब है कि प्रदेश के अन्य जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन की ओर से चंबा में भी पशुपालन विभाग को पोल्ट्री के सैंपल एकत्रित करने के आदेश दिए थे। इसके बाद पशुपालन विभाग चंबा की ओर से जहां पोल्ट्री की सैंपलिंग की गई। इसके साथ ही जिले के प्रवेश द्वारों पर चैक पोस्ट स्थापित की गई।
साथ ही रैपिड रिस्पांस टीमें गठित कर जिले भर में दबिश दी गई और सैंपल एकत्रित किए थे। विभाग की ओर से 52 सैंपल जांच के लिए जालंधर प्रयोगशाला में भेजे गए थे। पिछले करीब चार दिनों से सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। बहरहाल, रविवार को विभाग के पास यह रिपोर्ट पहुंची। वहीं, दूसरी तरफ मंजीर पोल्ट्री फॉर्म से लिए सैंपल भी इसमें शामिल है। सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जो जिले के लिए एक बड़ी राहत की खबर है।
जागरूकता अभियान जारी रहेगा : राजेश सिंह
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक राजेश सिंह ने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जागरूकता अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जिले में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि टीमें लोगों को जागरूक करें। प्रशासन को भी इस बारे में अवगत करवा दिया गया है।