चंबा-साहो मार्ग पर पॉवर हॉउस के पास टिप्पर से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त बाइक।
साहो (चंबा)। चंबा-साहो मार्ग पर भूरी सिंह पावर हाउस के समीप विपरीत दिशा में खड़े टिपर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। इससे निजी आईटीआई के प्रशिक्षु की घटनास्थल पर मौत हो गई। मृतक की पहचान मोनू (19) पुत्र पुन्नू गांव झिकडू डाकघर साहो तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर वाहन के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार निजी आईटीआई से छुट्टी कर अपने घर के लिए बाइक पर सवार होकर मोनू रोजमर्रा की तरह जा रहा था। भूरी सिंह पावर हाउस के समीप स्थित वर्षाशालिका से गुजरते समय अचानक उसकी बाइक विपरीत दिशा में खड़े टिपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार रही कि आसपास गांव और मोहल्ले के लोग भी अपने घरों से से बाहर निकल आए। मौके पर बाइक टिपर के नीचे घुस गई तो वहीं बाइक सवार भी बुरी तरह चोटिल होकर सड़क पर जा गिरा। देखते ही देखते सड़क पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बेसुध हालत में तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बाइक दुर्घटना में युवक की मौत की पुष्टि की है। बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा।