चुराह (चंबा)। भोगुवा से तियोहा तक सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। हालात ये हैं कि चालक अब गाड़ी चलाने से तौबा कर रहे हैं। वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। सड़क पर गड्ढों और पत्थरों की भरमार हो चुकी है। राहगीर भी परेशान हैं। बारिश होने पर गड्ढों में जलभराव हो जाता है। इससे परेशानी और बढ़ जाती है।
ढकियारा, भरनी और पुखरियाल गांवों के लोगों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की जल्द सुध लेने की मांग की है। स्थानीय लोगों गणेश, सूरत राम, मोती राम, नेगी राम, भरत कुमार, मोहन लाल, विषय कुमार, सुखदेव और हेमराज ने बताया कि वर्ष 2023 में सड़क निर्माण हुआ था। तब से लेकर अब तक किसी तरह की मरम्मत देखने को नहीं मिली है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजीव अत्री ने बताया कि जल्द सड़क का निरीक्षण करके मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।