चंबा के भरमौर में कड़ाके की ठंड से जमा पाईप का पानी।संवाद
भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर में पड़ रही कड़ाके की ठंड से तापमान माइनस आठ डिग्री सेल्सियस पहुंच दर्ज किया है। इससे पूलन पंचायत की पेयजल लाइन जाम हो गई। इससे सिरड़ी और बगडू गांव के लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
उन्हें पीने के लिए प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है, जबकि अन्य जरूरतों के लिए पानी का जुगाड़ करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। ठंड इतनी बढ़ चुकी है कि लोगों के घरों में लगे नल भी जाम होना शुरू हो गए हैं।
दो माह से बारिश न होने के कारण सूखे जैसे हालात बनते जा रहे हैं। जहां से पानी की सप्लाई आती है, वहां पर भी पानी का स्तर काफी कम हो रहा है। अकसर भरमौर में नवंबर और दिसंबर में बर्फबारी हो जाती थी, लेकिन इस बार जनवरी महीना शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक बर्फबारी का नामोनिशान नहीं है। इससे आने वाले समय में क्षेत्र में पानी की समस्या हो सकती है।
इलाके में बढ़ रही ठंड के कारण पूलन पंचायत के ठठान गांव में लाइन जाम हो गई है। जिसे बहाल करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। भरमौर और संचूई पंचायत में भी घरों के नल जाम हो रहे हैं। विभाग लोगों को पानी की आपूर्ति देने के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। विवेक चंदेल, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग, चंबा