चंबा के तत्वानी के पास मलबे में फंसे ट्रक को धक्का मारकर निकालती जेसीबी मशीन।
- फोटो : Chamba
चंबा। भरमौर-पठानकोट एनएच न्यू बस स्टैंड चंबा से भरमौर की तरफ वाहनों की आवाजाही के लिए छह घंटे बंद रहा। कसाकड़ा के पास एनएच पर की गई खुदाई में ट्रक फंस जाने से यह नौबत पेश आई।
बहरहाल, अल सुबह भरमौर-होली के लिए चलने वाली एचआरटीसी की बसों को वाया बालू-सरोथा होकर ही हरदासपुरा से आगे अपने गंत्वय की ओर निकलना पड़ा। इससे वाहन चालकों समेत यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। खैर, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब मार्ग से ट्रक को हटवा दिए जाने के बाद ही एनएच पर यातायात सुचारु हो पाया।
एनएच मंडल चंबा के निर्देशानुसार एनएच को चकाचक करने का कार्य युद्घस्तर पर आरंभ किया गया है। इसी क्रम में कसाकड़ा के पास एनएच पर खुदाई गई स्कप्पर को डाला गया। इसमें डाली गई कच्ची मिट्टी में वीरवार देर रात एक ट्रक फंस गया। ट्रक के एनएच के बीचोंबीच फंस जाने की सूरत में वाहनों की रफ्तार भी थम गई।
सूचना मिलने के बाद सुबह मौके पर पहुंची एनएच प्रबंधन की टीम ने जेसीबी के जरिये ट्रक को निकालने के लिए प्रयास करना शुरू कर दिया। लेकिन, ट्रक के सामान से लदे होने की सूरत में शुक्रवार सुबह आठ बजे के बाद ही ट्रक को दो जेसीबी के जरिये धकेला गया। जिसके बाद ही मार्ग वाहनों के लिए सुचारु हो पाया। आरएम चंबा राजन जम्वाल ने बताया कि ट्रक एनएच पर फंसे होने की सूरत में भरमौर-होली की तरफ जाने वाली बसों को दूसरे रास्ते से गंत्वयों की ओर भेजा गया । वहीं, एनएच प्रबंधन के सहायक अभियंता राजन कौशल ने बताया कि एनएच पर ट्रक धंस जाने से मार्ग अवरुद्ध हुआ। बहरहाल, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मशीनरी से ट्रक को निकलवा कर यातायात व्यवस्था सुचारु करवा दी गई है।