भरमौर-पठानकोट हाईवे बत्ती की हट्टी में हाईवे। संवाद
बत्ती की हट्टी में भारी भूस्खलन से बंद पड़ा हाईवे
जिला में 92 ट्रांसफार्मर बंद होने से 460 गांवों में पसरा अंधेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर बत्ती की हट्टी में भारी भूस्खलन से यातायात व्यवस्था तीन घंटे बाधित रही। मौसम के बदले मिजाज के कारण जिले में 92 ट्रांसफार्मर बंद होने से 460 गांवों में अंधेरा पसरा रहा।
उधर, विभागीय टीमों ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाला और हाईवे को बहाल करवाकर वाहन चालकों को राहत प्रदान की। जिले के कई गांवों में बिजली सप्लाई को सुचारू करने के लिए देर रात तक बोर्ड के कर्मचारी डटे रहे।
भरमौर-पठानकोट हाईवे बत्ती की हट्टी में भारी भूस्खलन के चलते यातायात के लिए बाधित हो गया। विभागीय टीम और मशीनरी ने मौके पर पहुंच कर हाईवे को तीन घंटे के भीतर सुचारू करवाया। बीती रात और सोमवार सुबह हुई बारिश से डलहौजी में 40, पांगी में 60, तीसा में 11, भटियात में 40 और सलूणी में 4 ट्रांसफार्मर बंद रहे। सूचना मिलने के बाद बोर्ड के कर्मचारियों ने देर शाम तक 48 ट्रांसफार्मर सुचारू कर दिए। जिले में अब भी 92 ट्रांसफार्मर सुचारू करना शेष हैं। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि जल्द व्यवस्था को सुचारू करवाकर लोगों को राहत दी जाएगी।