भड़ियां से झड़ेई जीप योग्य सड़क दो सप्ताह से बंद
भारी बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा आने के कारण बंद है वाहनों की आवाजाही
लोग बोले - कई बार विभागीय कर्मचारियों को किया अवगत, नहीं हुआ समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भड़ियां से झड़ेई तक डेढ़ किलोमीटर जीप योग्य सड़क पिछले दो सप्ताह से बंद पड़ी है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लग गई है। ऐसे में ग्रामीणों की दिक्कतें काफी बढ़ चुकी हैं। दो सप्ताह पहले भारी बारिश के चलते पहाड़ी से सड़क पर मलबा गिर गया है। इस कारण सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि लोनिवि के कर्मचारियों-अधिकारियों से मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवाने को लेकर कई बार आवाज उठाई गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों में सनी कुमार, सुरज, अजय, हितु शर्मा, ब्यास, विक्की, विकास और संजू ने कहा कि सड़क बंद होने से उन्हें पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। कहा कि इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, ग्रामीण और नौकरीपेशा लोगों की भी आवाजाही रहती है। मार्ग बंद होने से लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। सूचित करने के बाद भी विभाग सड़क बहाल करने को लेकर कोई उचित प्रयास नहीं कर रहा है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मांग उठाई है कि सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करवाया जाए।
उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल का कहना है कि जेसीबी मशीन सड़क को बहाल करने में जुटी है। जल्द सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो जाएगी।