ढाई किलोमीटर सड़क का पांच वर्ष पहले हुआ था निर्माण, अब होगी पक्की
लोक निर्माण विभाग कार्य शुरू करने के लिए पूरी कर रहा टेंडर औपचारिकता
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भडियांकोठी-झणेई सड़क पर वाहन चालकों और राहगीरों को धूल-मिट्टी और गड्ढों का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण-चार में सड़क को पक्का करने की अनुमति मिल गई है।
इस कार्य पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग टेंडर करवाने की औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है। इसके बाद टेंडर अवार्ड कर सड़क को पक्का करने का कार्य शुरू होगा। पांच वर्ष पहले ढाई किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया गया था। आजादी के बाद पहली बार जब गांव के लोग सड़क सुविधा से जुड़े तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जो सफर उन्हें पैदल तय करना पड़ता था, उसमें उन्हें वाहन सुविधा मिलने लगी। कुछ वर्ष बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और विभाग से सड़क को पक्का करने की मांग रखी।
केंद्र सरकार ने सड़क को पक्का करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में बजट का प्रावधान किया है। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई है कि सड़क को पक्का करने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए।
ग्रामीणों में हंसराज, प्रीतम सिंह, केवल, सुरेंद्र, भाग चंद, योगराज और सुनील ने बताया कि झणेई सड़क से कोलका पंचायत के लोग भी आवाजाही करते हैं। ऐसे में सड़क के पक्का होने से दो पंचायतों के लोगों को फायदा होगा। उन्होंने सरकार से यह भी मांग की है कि इस सड़क को कोलका से जोड़ा जाए।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण चार में सड़क को पक्का करने के लिए बजट मिला है। जल्द टेंडर की औपचारिकता पूरी कर टारिंग का कार्य शुरू करवाया जाएगा।