संस्थान को जारी किया कारण बताओ नोटिस, सामने आ सकती हैं कुछ अनियमितताएं
निजी स्कूल की एसओएस मान्यता रद्द करने के बाद सिलाई सेंटर की पड़ताल हुई तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के एक निजी स्कूल की बोर्ड परीक्षा की मान्यता रद्द होने के बाद संचालित सिलाई सेंटर को लेकर भी पड़ताल तेज हो गई है। इस स्कूल में बोर्ड परीक्षा के दौरान अनियमितताएं पाई गई है।
ऐसे में सिलाई सेंटर को लेकर भी संस्थान प्रबंधन से जवाब मांगा है। इसके लिए संस्थान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि सिलाई सेंटर को लेकर भी कुछ अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। ऐसे में प्रशासन की सिफारिश के बाद शिक्षा बोर्ड और सख्त हो गया है।
गौरतलब है कि गत दिनों एसडीएम प्रियांशु खाती की अगुवाई में उड़नदस्ते ने शहर के एक निजी स्कूल में दबिश दी। इस दौरान उन्होंने तमाम व्यवस्था जांची मगर स्कूल में अतिरिक्त लोगों की उपस्थिति दर्ज पाई गई। परीक्षा के दौरान स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए थे। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने रिपोर्ट तैयार की। इस रिपोर्ट के आधार पर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से इस एसओएस मान्यता रद्द कर दी है। संस्थान में चल रहे सिलाई सेंटर को लेकर भी जवाब मांगा है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि संस्थान में चल रहे सिलाई सेंटर को लेकर भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही अब आगामी कार्रवाई की जाएगी।