बनीखेत (चंबा)। चंबा-पठानकोट मार्ग पर बनीखेत में चलते हुए ट्रक का टायर फटने से सड़क पर पैदल जा रही युवती घायल हो गई। टायर फटने का धमाका इतना जोरदार था कि बंदूक के छरों की तरह पत्थरों के छींटे युवती की दोनों टांगों और पैरों में चुभ गए। इससे दोनों टांगें और पांव खून से लथपथ हो गए। युवती दर्द से चीखने लगी। इससे बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने युवती को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचित किया। इसके बाद युवती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत पहुंचाया गया। यहां पर युवती का उपचार शुरू किया गया। घायल युवती की पहचान भवानी कुमारी निवासी तीसा के रूप में हुई है। वह बनीखेत डीएवी कॉलेज में पढ़ाई करती है।
वह बुधवार सुबह के समय बाजार से होकर जा रही थी। इसी दौरान सड़क से जा रहे ट्रक का पिछला टायर फट गया, जिससे युवती बुरी तरह से घायल हो गई।
टायर फटने का धमाका इतना जोरदार था कि सड़क के साथ लगती दो दुकानों का सामान भी धमाके की आवाज से गिर गया। डॉक्टर कंवर विश्व दीपक ने बताया कि टायर फटने से घायल युवती का उपचार पीएचसी बनीखेत में किया गया।