मंगला (चंबा)। ओहली गांव के बाशिंदों को भालू की दहशत से निजात दिलवाने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों से बात करने के अलावा भालू दिखने की जगह का निरीक्षण भी किया।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई की और टीम मौके पर पहुंची। मंगला पंचायत के ओहली में पिछले लगभग तीन माह से एक भालू के लगातार गांव के आसपास घूमने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामवासियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर वन अधिकारी को एक ज्ञापन भेजा। इसमें मांग की गई है कि वन विभाग शीघ्र कार्रवाई करते हुए भालू को सुरक्षित रूप से पकड़ कर जंगल में छोड़े जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीणों इंदु, अंजलि, शबनम, प्रीतम सिंह, करतार सिंह, तिलक राज, मान सिंह, राजेश सिंह, पूजा देवी आदि ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि किसी भी अप्रिय घटना से पहले स्थिति को गंभीरता से लिया जाए और गांव में वन विभाग की टीम भेजी जाए।
आवेदन पर कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पहले भालू केवल जंगल क्षेत्र तक सीमित रहता था, लेकिन अब वह गांव के अंदर तक आने लगा है। संवाद