जड़ौथा गांव में सुबह साढ़े सात बजे की घटना, पैर और पीठ पर आई चोटें
होली में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा किया रेफर, ग्रामीणों में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
होली (चंबा)। होली पंचायत के जड़ौथा गांव में रविवार सुबह बावड़ी के पास भालू ने हमला कर 52 वर्षीय संजय कुमार को घायल कर दिया। घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की है।
भालू के हमले में संजय कुमार के पैर और पीठ पर चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार संजय कुमार सुबह करीब साढ़े सात बजे पानी की बावड़ी के पास गए थे। इसी दौरान वहां पहुंचे भालू ने उन पर हमला कर दिया। संजय कुमार के शोर मचाने पर भालू मौके से भाग गया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी वहां पहुंचे और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली पहुंचाया।
सीएचसी होली में चिकित्सक डॉ. अंकित ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। घटना के बाद जड़ौथा और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि रिहायशी क्षेत्र में घूम रहे भालू को दूर भगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो।
वनरक्षक मनीष कुमार का कहना है कि चिकित्सीय रिपोर्ट के बाद उचित मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। लोग सजग रहें।