खज्जियार (चंबा)। खज्जियार के मियाड़ी गला में भालू ने हमला करके महिला को घायल कर दिया। गनीमत रही हादसे में महिला की जान बच बच गई। घायल की पहचान गरीबो देवी पत्नी सुखिया राम निवासी मियाड़ी गला के रूप में हुई है। जोकि बुधवार को दोपहर के समय खेत में खीरे तोड़ रही थी।
इसी दौरान साथ लगते जंगल से भालू आया और उसके ऊपर झपट पड़ा। महिला ने भालू से बचने के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला की चीखने की आवाज को सुनकर आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंच गए। उन्होंने भालू को वहां से भगाया और महिला को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
भालू के हमले में महिला के बाजू में चोट लगी थी। उसका उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। महिला की हालत बेहतर है। वहीं खेत में महिला के ऊपर भालू का हमला होने से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं।
लोग वन विभाग से भालुओं को रिहायशी बस्ती से दूर रखने की मांग कर रहे हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह ने बताया कि भालू के हमले में घायल महिला को उपचार के लिए चंबा अस्पताल लाया गया था। महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया।