संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। कोहलड़ी पंचायत में कर्फ्यू ढील के दौरान दुकान से सामान लेकर आ रहे एक व्यक्ति को भालू ने हमला कर लहूलुहान कर दिया। यह मामला सोमवार को पेश आया।
ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह से भालू को भगाया और घायल को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार घायल को दाखिल कर लिया गया है। भालू के हमले से घायल को सिर, बाजू और टांगों पर गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सक घायल की तबीयत पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार जगदीश चंद निवासी काकैला सोमवार को रोजमर्रा का सामान लेने घर से निकला। मगर जैसे ही वह अपने घर के समीप खेत में पहुंचा तो छिपे भालू ने उस पर हमला बोल दिया। इससे जगदीश चंद बुरी तरह से घायल हो गया।
जगदीश चंद ने बचाव के लिए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर शोर मचाया और भालू मौके से भाग गया।
ग्रामीणों ने इसके बाद घायल को उठाया और निजी वाहन की मदद से चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए दो किलोमीटर घायल को उठाकर लाना पड़ा। यहां कोहलड़ी में 108 एंबुलेंस के माध्यम से चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायल को उपचार दिया।
स्थानीय पंचायत प्रधान विक्की कुमार का कहना है कि भालू के हमले से ग्रामीण को चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज चंबा में घायल को उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई कि घायल को उचित सहायता प्रदान की जाए।
आरओ सुरखीगला केहर सिंह का कहना है कि इस बारे में सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर घायल को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।