खज्जियार (चंबा)। खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया। खुद को भालू से बचाने के लिए व्यक्ति ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। उसकी चीख-पुकार को सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी हाथ में कुदाली और डंडे लेकर वहां पहुंच गए। लोगों की भीड़ देख भालू व्यक्ति को घायल करके जंगल की तरफ भाग गया।
घायल की पहचान बेंसू राम पुत्र जवाहर निवासी गांव काथयाडू के रूप में हुई। घायल को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। रविवार शाम को जब वह अपने खेत में काम कर रहा था तो उसी दौरान साथ लगते जंगल से एक भालू ने उस पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए उसने समझदारी दिखाकर चिल्लाकर अपनी मदद के लिए आसपास के लोगों को बुला लिया। इस तरह उसकी जान बच पाई। चिकित्सा उप अधीक्षक डॉक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि भालू के हमले में घायल व्यक्ति की हालत अब खतरे से बाहर है।