चंबा। उदयपुर क्रिकेट मैदान में चल रही अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत दोपहर के वक्त एक मैच खेला गया। इसमें बाड़ी देहरा की टीम ने उदयपुर को सात रन से हराया।
सुबह के समय प्रस्तावित मैच मैदान गीला होने के चलते नहीं हो पाया। दूसरे मैच में बाड़ी देहरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 15 ओवर में 116 रन बनाए। इसमें राका ने 48 और भोला ने 24 रन की पारी खेली। उदयपुर की ओर से अंकु ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उदयपुर की टीम 109 रन ही बना सकी। अभिषेक और करन ने 42 और 17 रन बनाए मगर टीम को जीत की दहलीज तक नहीं पहुंचा पाए। बाड़ीदेहरा से पम्मू ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए। जीत के साथ बाड़ी देहरा की टीम ने प्रतियोगिता के दूसरे दौर में प्रवेश किया। गौरतलब है कि सुबह के वक्त पहला मैच कैलाश व्यू और रॉयल्स के बीच होना था। मैदान गीला होने के चलते यह मैच स्थगित कर दिया गया। यह जानकारी प्रतियोगिता स्कोरर दर्शन सिंह चौहान ने दी। संवाद