चंबा के धड़ोग मोहल्ले में बिजली के खंभे पर लगा तारों का मक्ड़जाल।संवाद
चंबा। शहर के साथ लगते धड़ोग वार्ड में बिजली के नंगे तार हादसों को न्योता दे रहे हैं।
जगह-जगह बने तारों के मक्कड़जाल को हटाने के लिए बिजली बोर्ड भी कोई कदम नहीं उठा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार बोर्ड के अधिकारियों से नंगे हो चुके तारों को हटाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन बोर्ड ने कोई कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि बिजली के इन तारों से अकसर चिंगारियां उठती रहती हैं। इससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इस मोहल्ले में सड़क काफी संकीर्ण है। ऐसे में यहां कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
धड़ोग मोहल्ले में कई पुराने मकान भी हैं। ऐसे में यहां हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों में सुरेश कुमार, अमित कुमार, देवी चंद, सुनील कुमार और राकेश कुमार ने कहा कि यह मोहल्ला शहर के साथ है। यहां बिजली तारों के मक्कड़जाल परेशानी बन गए हैं। बारिश के दौरान स्पार्किंग भी होती है। ऐसे में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से मांग की है कि जल्द मोहल्ले में बिजली के तारों को व्यवस्थित ढंग से लगाया जाए। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता प्रवेश ठाकुर का कहना है कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि इस बारे फील्ड कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे।