भरमौर (चंबा)। खड़ामुख में बालन लकड़ी का सब डिपो खोलने की मांग जोर पकड़ रही है। यहां पर सब डिपो खुलने से छह पंचायतों के लोगों को लाभ होगा। साथ ही खड़ामुख में शव का अंतिम संस्कार करवाने पर भी लोगों को लकड़ी मिल सकेगी। खड़ामुख ऐसा स्थान है, जहां पर बुद्धिल और रावी नदी का मिलन होता है। ऐसे में इस स्थान को पवित्र माना गया है। भरमौर की अधिकतर पंचायतों के लोग यहां अंतिम संस्कार के लिए जाते हैं।
हंसराज, जितेंद्र, मनोज कुमार, प्यार सिंह, हेम सिंह, देसराज, सुरेश, नारायण और केवल ने बताया कि खड़ामुख में बालन का सब डिपो खुलवाने की मांग लोग लंबे समय से कर रहे हैं। यदि सब डिपो नहीं खोला जा सकता तो यहां बालन लकड़ी की दुकान ही खोल दी जाए। उन्होंने विधायक डॉ. जनकराज व प्रदेश सरकार से मांग की है कि खडामुख में शीघ्र बालन लकड़ी की उपलब्धता के लिए उचित कदम उठाए जाएं। मौजूदा समय में लोग 13 किलोमीटर दूर भरमौर से लकड़ी लाते हैं।