चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल की बघेईगढ़ पंचायत की बेटी मुस्कान ने मंडी के सरकाघाट में प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। मुस्कान राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मुस्कान ने अपनी जीत का श्रेय परिवार के साथ गुरुजनों को दिया है। मुस्कान अपने चाचा दीवान चंद के साथ अभ्यास करती रहती थीं। पहलवान बेटी के विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राज कुमार की भी अहम भूमिका रही है। हाल में मुस्कान बघेईगढ़ के बजरंग अखाड़ा में चुराह के नामी पहलवान और बजरंग अखाड़ा के संचालक रमेश पहलवान के पास दावपेंच सीख रही हैं। मिट्टी की कुश्ती का अभ्यास भी बजरंग अखाड़ा में करती हैं। मुस्कान ने जिले के दंगलों में भी भाग लिया। मुस्कान के पिता व्यास देव शर्मा ने कहा कि उनकी बेटी अपने क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रही हैं। संवाद