चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांधा में बिना सूचना नदारद रहे अध्यापकों की जांच रिपोर्ट प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने निदेशालय भेज दी है। अब मामले में कार्रवाई निदेशालय करेगा। स्कूल पहुंची जांच टीम ने शिकायत और निरीक्षण विंग के निरीक्षण के दौरान मिलीं खामियों पर स्कूल प्रभारी और टीजीटी से जवाबतलब किया।
जानकारी के अनुसार यह मामला पहले उच्च शिक्षा विभाग के पास पहुंचा। स्टाफ प्रारंभिक शिक्षा विभाग का होने के चलते मामले की जांच प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने शुरू की। जांच अधिकारी जिला उप शिक्षा अधिकारी उमाकांत आनंद को बनाया गया। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ने जवाबतलब किया। इस दौरान सामने आया कि बायोमीट्रिक मशीन में किसी प्रकार की खराबी होने की वजह से हाजिरी नहीं लग पाई। हालांकि, स्कूल से नदारद रहने की शिकायत सही भी पाई गई। इस पर जांच अधिकारी ने रिपोर्ट तैयार की। साथ ही एक समिति का भी गठन किया। यह समिति स्कूल में कार्य करेगी। बायोमीट्रिक मशीन में हाजिरी न लगने की सूरत में स्टाफ इस समिति को अवगत करवाएगा और इसकी लिखित रिपोर्ट ली जाएगी।
गौरतलब है कि गत माह निरीक्षण विंग चंबा की टीम ने स्कूल में दबिश दी थी। इस दौरान स्कूल प्रभारी समेत एक टीजीटी बिना छुट्टी नदारद पाया गया। बहरहाल, निरीक्षण विंग की टीम ने शिक्षा विभाग को पूरे मामले की रिपोर्ट सौंपी और इस बारे जांच करने के लिए कहा। अब जांच रिपोर्ट जांच अधिकारी ने तैयार कर ली है। इस मामले में अग्रिम कार्रवाई अब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से की जाएगी।
जिला उप शिक्षा अधिकारी उमाकांत आनंद ने बताया कि मामले की जांच कर ली गई है। कहा कि इसकी रिपोर्ट निदेशालय प्रेषित की है। कहा कि आगामी कार्रवाई निदेशालय की ओर से की जाएगी।