मंगला पंचायत के डोली गांव में बारिश और अंधेरे के बीच हुई घटना
ग्रामीणों ने जताई चिंता, पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंगला (चंबा)। मंगला पंचायत के डोली गांव में बिजली गुल होने और बारिश के बीच घर में घुसने की कोशिश का मामला सामने आया है। रात के समय घर के गेट के पास आवाज सुनकर लोग बाहर निकले और शोर मचाया। इसके बाद संदिग्ध मौके से भाग गए। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
स्थानीय युवकों में रवि कुमार, हितेश, लक्की, मनीष कुमार, अभिषेक, विपिन कुमार, अभी, करण कुमार, नवू, विशाल और रोहित ने बताया कि मंगला पंचायत के अलग-अलग गांवों में चोरी की कोशिशों की आशंका से लोग सतर्क हैं। ग्रामीण अपने स्तर पर संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली है। उन्होंने आशंका जताई कि संदिग्धों के पास हथियार हो सकते हैं, ऐसे में उन्हें पकड़ने की कोशिश जोखिम भरी हो सकती है।
मंगला पंचायत प्रधान सपना देवी ने कहा कि चोरी की घटनाओं की आशंका से लोगों की चिंता बढ़ रही है। पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। उन्होंने पुलिस से संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि इस संबंध में सूचना मिली है। पुलिस टीम गश्त कर रही है और संदिग्धों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।