वीआईपी दौरे की आहट से एनएचएआई ने दो घंटे में भर दिए महीनों से सड़क पर पड़े गड्ढे
पठानकोट-भरमौर हाईवे पर बदहाल सड़क के कारण लोग और वाहन चालक हो रहे थे परेशान
पंकज सलारिया
चंबा। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग के शहरी क्षेत्र में जो गड्ढे महीनों तक आम लोगों की परेशानी बने रहे, वे मुख्यमंत्री के दौरे से महज दो घंटे पहले भर दिए गए।
वीआईपी दौरे की आहट मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सक्रिय हुआ और चंद घंटों में सड़क की मरम्मत कर दी। इससे सवाल उठ रहा है कि क्या सरकारी मशीनरी सिर्फ वीआईपी आवाजाही के समय ही पूरी रफ्तार से काम करती है। लंबे समय से बदहाल सड़क के कारण लोगों और वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले मरम्मत कार्य शुरू होना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
हरदासपुरा चौक, शनिदेव मंदिर और मुगला बाजार क्षेत्र में हाईवे पर बड़े-बड़े गड्ढे बने थे। इन्हें भरने के लिए दोपहर करीब 12 बजे प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। दस मिनट के भीतर मलबा डालकर गड्ढों को भर दिया गया। इन गड्ढों में पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा रहता था जबकि चौपहिया वाहनों को भी हिचकोले खाने पड़ रहे थे। मुख्यमंत्री का काफिला शनिवार दोपहर 2:33 बजे मुगला बाजार और शनिदेव मंदिर मार्ग से गुजरा।
गौरतलब है कि शनिवार को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले विभागीय अमला अचानक सक्रिय हुआ और कुछ ही घंटों में सड़क के गड्ढों को भर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही तत्परता पहले दिखाई जाती तो आम जनता को लंबे समय तक खराब सड़क पर सफर करने की मजबूरी नहीं झेलनी पड़ती।
एनएचपीसी कॉलोनी में उतरा सीएम का हेलिकाप्टर
हर वर्ष मुख्यमंत्री का हेलिकाप्टर सुल्तानपुर हेलीपैड पर उतरता था लेकिन इस बार वहां विस्तारीकरण का कार्य चल रहा है। इसके चलते मुख्यमंत्री का हेलिकाप्टर करियां स्थित एनएचपीसी कॉलोनी में उतरा। वहीं से उनका काफिला सड़क से चंबा पहुंचा। इसी कारण मार्ग को मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले आनन-फानन में दुरुस्त किया गया।
पठानकोट भरमौर नेशनल हाईवे पर मुगला बाजार में सीएम के आवाजाही से पहले गड्ढे भरते प्राधिकरण के क