करियां में सुबह से लेकर रात 8 बजे तक बिजली आपूर्ति नहीं हो पाई बहाल
खराब ट्रांसफार्मर के स्थान पर बिजली बोर्ड ने लगाया नया ट्रांसफार्मर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। करियां पंचायत में शुक्रवार को दिनभर बिजली गुल रही है। इस कारण लोगों को बिना बिजली अपने घरों और दुकानों में ठिठुरना पड़ा। सुबह 9:00 अचानक बिजली गुल हो गई। एक घंटे तक बिजली बहाल नहीं हुई तो लोगों ने बिजली बोर्ड को फोन कर इसकी सूचना दी। कुछ देर बाद वहां बिजली बोर्ड के कर्मचारी पहुंच गए, जिन्होंने ट्रांसफार्मर में मरम्मत कार्य कर हेडक्वार्टर में बिजली बहाल करने के लिए कहा।
जैसे ही बिजली की सप्लाई छोड़ी गई तो ट्रांसफार्मर में जोर से धमाका हुआ और चारों तरफ आग फैल गई। गनीमत यह रही कि उस दौरान कर्मचारी ट्रांसफार्मर के आसपास नहीं थे, अन्यथा वे भी झुलस सकते थे। इसके बाद उच्चाधिकारी को अवगत करवाया कि ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। इसके बाद नया ट्रांसफार्मर मंगवाया गया जो शाम को करियां पहुंचा। क्रेन के जरिये उसे खंभे पर रखा गया है। तब जाकर रात को 8:00 बजे बिजली बहाल हो पाई। बोर्ड के अधिशासी अभियंता परवेश ठाकुर ने बताया कि करियां में बिजली का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, जिसके स्थान पर नया ट्रांसफार्मर रख दिया गया है। अब लोगों को बिजली की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।