चंबा। लंबे समय के बाद बगीचों में नमी आई है। मौसम के खुलते ही अब बागवान सेब के पौधों की काट-छांट में जुट गए हैं। बगीचों में तौलिए बनाने का कार्य भी शुरू हो चुका है। इसके अलावा नए फलदार पौधे भी लगाए जा रहे हैं। उद्यान विभाग के पास लगभग दो लाख फलदार पौधों की मांग आई है। विभाग बागवानों को पौधे उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रहा है। विभाग का दावा है कि मार्च तक फलदार पौधे लगाने का समय रहता है। इसके अलावा यह बारिश बागवानों के अच्छी साबित हुई है। क्योंकि, बारिश के बाद सेब के पौधों की कटाई-छंटाई से पैदावार अच्छी होने की संभावना रहती है।
उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह का कहना है कि बगीचों में अच्छी नमी है। बागवान फलदार पौधों, पेड़ों की कांट-छांट और तौलिए बनाने का कार्य कर सकते हैं। बागवानों को नए फलदार पौधे उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।