खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही पर्यटकों पर भारी पड़ रही है। मुख्य सड़क पर डाले पेवर निकल चुके हैं जिसकी वजह से वहां गड्ढे हो चुके हैं। पर्यटकों की गाड़ियां इन गड्ढों में फंस रही हैं। इतना ही नहीं गाड़ियों को क्षति भी पहुंच रही है। बारिश के दौरान यहां पानी भर जाता है। उसके बाद समस्या ओर भी गंभीर हो जाती है। पैदल जाने वाले पर्यटकों को आवाजाही करना मुश्किल हो जाता है। लोग समस्या के निदान के लिए कई बार विभाग को अवगत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई भी कदम नहीं उठाए गए हैं। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है।
लोगाें में धर्मेंद्र कुमार, सुनील, राकेश, हंसराज, केवल, मनोज कुमार, चमन सिंह, योगराज और विशाल ने बताया कि मिनी स्विट्जरलैंड में लोगों व पर्यटकों को कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। मुख्य सड़क की दयनीय हालत को देख पर्यटक भी मजाक उड़ाते हैं। उन्होंने प्रशासन व विभाग से मांग की है कि उखड़ चुके पेवर को शीघ्र ठीक करवाया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।