2025 की 500 रुपये मासिक बढ़ोतरी का नहीं मिला बकाया, आर्थिक परेशानी झेल रहे शिक्षक
भुगतान न होने से खर्च चलाना मुश्किल, शिक्षकों ने जल्द बकाया जारी करने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। शिक्षा खंड पांगी में सेवाएं दे रहे 21 एसएमसी और जॉब ट्रेनी शिक्षकों का भुगतान लंबित होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों को वर्ष 2025 में मासिक भुगतान में हुई 500 रुपये की बढ़ोतरी का एरियर अब तक नहीं मिला है। इसके अलावा वर्ष 2026 के फरवरी और अप्रैल माह का पूरा वेतन भी लंबित है।
दुर्गम क्षेत्र पांगी में तैनात शिक्षकों का कहना है कि वे नियमित रूप से विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समय पर मानदेय और वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है। लंबे समय से भुगतान अटका होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के खर्च और परिवार के भरण-पोषण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों में सुरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, केवल कृष्ण और चुन्नीलाल ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके मासिक भुगतान में 500 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसका एरियर अभी तक खातों में नहीं पहुंचा है। वहीं, 2026 के फरवरी और अप्रैल का पूरा वेतन भी नहीं मिला है। उन्होंने संबंधित विभाग से लंबित एरियर और वेतन का शीघ्र भुगतान करने की मांग की है।
शिक्षकों का कहना है कि दुर्गम क्षेत्र में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को समय पर भुगतान मिलना जरूरी है, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों से न जूझना पड़े। उन्होंने विभाग से मामले का जल्द समाधान करने की गुहार लगाई है। उधर, आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप सिंह ने बताया कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है। जल्द वेतन और एरियर का भुगतान करने के प्रयास किए जाएंगे।