चंबा के चुराह में आपदा से हुए नुकसान को लेकर प्रभावितों से बात करती प्रशासनिक टीम।संवाद
चुराह (चंबा)। आपदा के दौरान उपमंडल चुराह की विभिन्न पंचायतों में हुए नुकसान का उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दौरा किया। इस दौरान सबसे पहले उपायुक्त ग्राम पंचायत चरोड़ी के गांव चरोड़ी, भवाला, करेरी, पटाेलु, खलोग, दलवाई, घियूंणी और छजयाणी पहुंचे। जहां भारी बारिश के दौरान गांव के करीब 31 घरों को नुकसान पहुंचा है।
प्रभावित दूसरों के घरों में शरण लेकर रह रहे हैं। इस दौरान उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि सरकार के निर्देशानुसार प्रभावितों को उचित सहायता और आवास की व्यवस्था करवाई जाएगी। वैकल्पिक तौर पर सरकारी संस्थानों में जरूरतमंदों को ठहरने की व्यवस्था करवाई जा रही है। नुकसान की व्यापक रिपोर्ट पहुंच गई है।
इसे आगामी कार्यवाही के लिए सरकार को भेज दिया गया है। इसके बाद उपायुक्त ने ग्राम पंचायत देहरोग के मुख्य बाजार का जायजा लिया। यहां दुकानें भारी भूस्खलन के कारण धंसी हुई हैं। उन्होंने मौके पर लोक निर्माण विभाग को बाजार के समीप नाली बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने बघेईगढ़-कठवाड़ मार्ग का भी दौरा किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रयास किए जाएं।
साथ ही बंद पड़े मार्गों की बहाली बिना विलंब सुनिश्चित बनाई जाए। इसके अलावा उन्होंने बिजली बोर्ड और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में बिजली और पानी की आपूर्ति बंद पड़ी है, उसे जल्द बहाल किया जाए। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।