चंबा। प्रदेश सरकार की ओर से चंबा मेडिकल कॉलेज में कैंसर स्पेशलिस्ट चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। करीब ढाई साल बाद विशेषज्ञ की तैनाती हुई है। वीरवार को जहां रेडियोथैरेपिस्ट डॉ. पंकज ने ज्वाइन किया। वहीं, ईएनटी विभाग में भी एक चिकित्सक ने ज्वाइन किया है। सरकार ने एक साथ दो चिकित्सकों की तैनाती की है। इससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार रेडियोथैरेपिस्ट डॉ. पंकज और ईएनटी विशेषज्ञ दीक्षा ने अपनी ज्वाइनिंग दी। गौरतलब है कि सरकार की ओर से चंबा को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी है, मगर चिकित्सकों की कमी से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सक न होने के कैंसर की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को टांडा या शिमला का रुख करना पड़ रहा है। अब चिकित्सक की तैनाती होने से कैंसर रोगी अपने स्वास्थ्य की जांच चिकित्सक से करवा सकेंगे। साथ ही चरणबद्ध तरीके से मेडिकल कॉलेज में तमाम इन्फ्रास्ट्रक्चर भी पूरा हो जाएगा। इसके बाद इस बीमारी से जूझ रहे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। चंबा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ विपिन ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है। बताया कि दो चिकित्सकों ने ज्वाइन किया है। इसमें एक कैंसर और दूसरा ईएनटी डिपार्टमेंट में ज्वाइन किया है।