सलूणी कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू
20 जून को शाम 5 बजे प्रकाशित की जाएगी प्रथम मेरिट सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय सलूणी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए एवं बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।
महाविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों से निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने का आग्रह किया है। महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के तहत सेमेस्टर प्रणाली लागू है। महाविद्यालय में अंग्रेज़ी, हिंदी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, अर्थशास्त्र, भूगोल, वाद्य संगीत तथा वाणिज्य विषयों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक विद्यार्थी 1 से 19 जून तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। पूर्व प्रवेश परामर्श 12 से 19 जून तक आयोजित किया जाएगा। प्रथम मेरिट सूची 20 जून को शाम 5 बजे प्रकाशित की जाएगी। प्रथम मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 21 जून से 23 जून तक शुल्क जमा करवाना होगा। द्वितीय मेरिट 24 जून को अपराह्न 3 बजे जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थी 25 से 27 जून तक शुल्क जमा कर सकेंगे।
नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 28 से 30 जून तक अभिमुखीकरण कार्यक्रम (ओरिएंटेशन प्रोग्राम) आयोजित किया जाएगा। नियमित कक्षाओं का शुभारंभ 1 जुलाई 2026 से होगा। प्राचार्य मोहिंद्र सलारिया ने बताया कि बीए और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से जमा दो परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। बीए में प्रवेश के लिए न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक, बीकॉम में प्रवेश के लिए 45 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं। वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए बीकॉम में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंकों की पात्रता निर्धारित की गई है। प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। विद्यार्थियों को कॉलेज के प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन पत्र भरना होगा। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के साथ एंटी-रैगिंग घोषणा पत्र भी भरना अनिवार्य रहेगा। आवेदन पत्र के सत्यापन के बाद निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करवाना होगा। हेल्प डेस्क भी स्थापित किया है।