चंबा के चांजू में ओलावृष्टि के कारण सेब पर पड़े दाग ।संवाद
चंबा। जिले में दो दिन से हो रही ओलावृष्टि से चुराह और सलूणी में सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। चुराह के चांजू और चरड़ा में ओलावृष्टि ने बागवानों की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बगीचों में जो सेब की फसल तैयार होने को थी, ओलावृष्टि ने उसे बर्बाद कर दिया। सेब पर बर्फ के ओले गिरने से दाग पड़ गए हैं जिससे किसानों को अब दागी सेब को मंडी में बेचना मुश्किल होगा।
मंडी में उन्हें इसकी कीमत भी अच्छी नहीं मिलेगी। बागवानों हरीश कुमार, चंद राम, सुरेश कुमार, चैन लाल, रविंद्र कुमार, किशोर और हंसराज ने बताया कि पिछले कुछ दिन से चंबा में ओलावृष्टि रोजाना शाम को हो रही है। चांजू और चरड़ा में इसका प्रकोप सबसे ज्यादा देखने को मिला है। इसके अलावा सलूणी और हिमगिरी सहित अन्य ऊपरी इलाकों में भी ओलावृष्टि से सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने जिला प्रशासन और उद्यान विभाग से बागवानों को ओलावृष्टि से हुए नुकसान के बदले में आर्थिक सहायता देने की मांग की है।