बनीखेत/चुवाड़ी (चंबा)। भटियात क्षेत्र की ग्राम पंचायत चिलामा के द्रमण गांव में मेला कमेटी के प्रधान मदन कुमार की अगुवाई में मेले का आयोजन किया गया। दंगल में बड़ी माली का मुकाबला तीसा के अनीश और रवि पहलवान के बीच हुआ, जिसमें अनीश ने जीत दर्ज की।
विजेता को स्टील का गागर और 2100 रुपये नकद, जबकि उपविजेता को स्टील की बाल्टी और 1500 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। दूसरी माली में नैनीखड्ड के सुजल ने तुनुहट्टी के अनिल को पटखनी देकर खिताब अपने नाम किया।
विजेता को 1100 रुपये और उपविजेता को 500 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। सोमवार देर शाम तक चले मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
मेले का शुभारंभ सुबह मदन कुमार के निवास पर देवी-देवताओं के पूजन और हवन के साथ हुआ। इसके बाद लखदाता बाबा की चादर चढ़ाई गई और दोपहर तीन बजे बाबा का झंडा ढोल-नगाड़ों के साथ अखाड़े तक ले जाया गया।
मेला कमेटी के प्रधान मदन कुमार ने बताया कि यह मेला उनके दादा-परदादाओं के समय से आयोजित होता आ रहा है और आज तीसरी पीढ़ी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है। मेले में दिल्ली, हरियाणा, कांगड़ा, हमीरपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहलवानों ने दंगल में भाग लेकर अपना दमखम दिखाया।
ककीरा पंचायत के उपप्रधान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। मेले में महिलाओं और बच्चों ने खरीदारी का आनंद लिया, जबकि बच्चों ने झूलों का खूब लुत्फ उठाया।