खजियार में आपकी आवाज के माध्यम से सामने आई लोगों की समस्याओं का समाधान शुरू हो गया है। वन्य प्राणी विभाग ने कई स्तरों पर खजियार की बेहतरी के लिए काम छेड़ दिया है। जिसमें खजियार मैदान के चारों तरफ बने खच्चर मार्ग, मैदान में अनारकली रेलिंग लगाने और कूड़ा संयंत्र को बदलने की कवायद तेज हो गई है।
इन सभी मुद्दों को खजियार के लोगों ने आपकी आवाज कार्यक्रम के माध्यम से उठाया था। जिस पर वन्य प्राणी विभाग ने विस्तृत रिपोर्ट बनाकर अपने अधिकारियों को भेजी थी और अब इस रिपोर्ट के जवाब में काम भी शुरू हो गया है। खजियार में अनारकली रेलिंग लगाने का काम जोर-शोर से चल रहा है। इसके अलावा खजियार तक पहुंचने वाले सड़क मार्गों में भी लीपापोती का काम शुरू कर दिया गया है। तो खजियार से दो किलोमीटर दूर पुखरी तक रास्ते को भी वन्य प्राणी विभाग ठीक करवा रहा है।
पुखरी से मणिमहेश के दर्शन के होने के साथ-साथ, चमेरा जलाशय, धौलाधार व पीर पंजाल की पहाड़ियों का नजारा दिखता है। इसी रास्ते से पर्यटक जंगल की सैर करके विभिन्न तरह के वन्य प्राणियों को देखने पहुंचते हैं।
खजियार की सुंदरता रहेगी बरकरार
खजियार वन्य प्राणी परिक्षेत्र अधिकारी पूर्ण चंद ने बताया कि विभाग खजियार की सुंदरता को बनाए रखने और इसे बढ़ाने के लिए संभव प्रयास कर रहा है। जिसके तहत कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी समय में भी वन्य प्राणी विभाग खजियार में वन्य जीवों और खजियार के सुंदरीकरण के लिए प्रयासरत रहेगा।