सीबीएसई की दसवीं कक्षा की परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक किए हासिल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। आकांक्षी जिले की मेधावी छात्रा अनन्या शर्मा ने सीबीएससी की दसवीं कक्षा की परीक्षा में 98.6 प्रतिशत अंक लेकर चंबा जिले में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
अनन्या शर्मा मूलतया पंचायत छतराड़ी के गांव मासू की रहने वाली हैं। डीएवी स्कूल हरदासपुरा में पढ़ाई कर रही हैं। अनन्या के पिता केवल शर्मा पीएमश्री बाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में इतिहास के प्रवक्ता हैं। उनकी माता किरण शर्मा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज विभाग में कार्यरत हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद अनन्या ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और लगन के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और विद्यालय का नाम गर्व से ऊंचा हुआ है। अनन्या छठी कक्षा से दसवीं तक लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान प्राप्त करती रही हैं। उन्होंने सफलता का श्रेय अध्यापकों, माता-पिता और विशेष रूप से अपनी दादी चंचल शर्मा को दिया है।