-बाल देखरेख संस्थान किलाड़ के आउटसोर्स कर्मियों ने अधिकारी पर लगाए आरोप
-कहा- राशि न दे पाने पर पंजीका में दर्ज की जाती है अनुपस्थिति
-बच्चों और स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार के भी लगाए आरोप
-आवासीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर लगाई कार्रवाई की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी के किलाड़ स्थित बाल देखरेख संस्थान में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों ने संस्थान के ही एक अधिकारी पर मौखिक तौर पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
आउटसोर्स कर्मियों रविंद्र कुमार, शेर सिंह, इंद्रा देवी, विमला कुमारी, लातिशा ने बताया कि साल 2025 में जो उनके विरुद्ध पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है उस संबंध में न्यायालय में प्रत्येक पेशी के लिए अधिकारी पांच हजार रुपये चंदा लेता है। राशि न दे पाने पर पंजीका में उनकी अनुपस्थिति दर्ज की जाती है। सभी आउटसोर्स कर्मी नियमित रूप से ड्यूटी दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उक्त अधिकारी बच्चों और स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार करता है। इसकी रिकार्डिंग भी है। जब अधिकारी अन्य स्टाफ के साथ न्यायालय में पेशी के लिए जाता है तो टूर प्रोग्राम बना लेता है और हाजिरी उपस्थिति पंजीका पर लगा दी जाती है। आउटसोर्स कर्मियों ने आवासीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर उक्त अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उधर, कार्यवाहक आवासीय आयुक्त अमनदीप सिंह ने बताया कि शिकायत उनके पास पहुंची है। पुलिस विभाग को मामले की जांच करने के आदेश जारी किए गए हैं।