मुंडन और जातर के लिए उमड़ी भीड़, आधा किलोमीटर तक लगी रहीं वाहनों की कतारें
तेज धूप में बेहाल श्रद्धालु, लोग बोले- यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस की जाए तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। भलेई नाला में वीरवार को एक घंटे तक जाम लगा रहा। इस कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं। करीब आधा किलोमीटर तक जाम लगा रहा।
दरअसल, ऐतिहासिक भद्रकाली भलेई मंदिर में मुंडन संस्कार और जातर के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर पहुंचने से पहले की गाड़ियां जाम में फंस गईं। देखते ही देखते जाम की स्थिति बन गई। तेज धूप और भरी गर्मी के बीच जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल रहा। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। कई श्रद्धालु वाहन छोड़कर पैदल ही मंदिर की ओर जाते नजर आए। सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान न तो मंदिर गेट पर और न ही बाजार में कोई पुलिस कर्मी नजर आया। ट्रैफिक को नियंत्रित करने वाला कोई न होने से स्थिति और बिगड़ती चली गई।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि धार्मिक आयोजनों और भीड़-भाड़ वाले दिनों में पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। उन्होंने कहा कि इस मंदिर में सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस का होना काफी जरूरी है। अभी मुंडन संस्कार करवाने के लिए लोग दूर-दराज से आ रहे हैं।