अधमरा कर मौके से भाग गया आरोपी, पुलिस कार्रवाई पर परिजनों ने उठाए सवाल
डीएसपी से मिला प्रतिनिधिमंडल, आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। खाने-पीने के बहाने बुलाकर बंद कमरे में बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। आरोपी सुभाष कुमार बुजुर्ग जयकिशन (72) पुत्र तानी निवासी गांव काकेला को अधमरा कर मौके से भाग गया।
बुजुर्ग के साथ उनका पोता भी मौजूद था। पेाते के चीखने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य वहां पहुंच गए। वे घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। परिजन और ग्रामीण मामले में पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। बुधवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधि मंडल डीएसपी बलदेव दत्त शर्मा से मिला।
घायल बुजुर्ग की बहू पिंकी देवी, अन्य महिला सीमा देवी, बीना, इंद्रो, रोशनी और दुर्गो देवी ने बताया कि 10 अगस्त को यह घटना घटी। घायल को चंबा मेडिकल कॉलेज से टांडा रेफर कर दिया गया। सोमवार को उन्हें वहां से छुट्टी मिली। मामले में पुलिस ने अभी तक आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि आरोपी गांव के अन्य लोगों के साथ भी इस तरह की मारपीट कर सकता है। इसलिए उसे गिरफ्तार कर जेल में डाला जाए। वहीं, डीएसपी बलदेव दत्त ने ग्रामीणों को समझाया कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच कर रही है।