युवती ने महिला पुलिस थाना में दी शिकायत, पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
दोनों का मेडिकल करवाया, अदालत ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पहले से शादीशुदा व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगा है। जब व्यक्ति ने शादी करने से इन्कार कर दिया तो युवती ने इसकी शिकायत महिला थाना में करवा दी।
पुलिस ने मंगलवार शाम को पीड़ित के बयान पर आरोपी हरीश कुमार निवासी सतियास चुराह को प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित और आरोपी का मेडिकल कॉलेज में मेडिकल करवाया गया है। अदालत में पेश करने पर आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पहले से शादीशुदा है। इस बारे में उसने युवती को नहीं बताया था। उनके बीच काफी समय से दोस्ती थी। उसने युवती से वादा किया था कि वह जल्द उससे शादी कर लेगा। इसी बात का फायदा उठाकर वह उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। कुछ दिन पहले जब युवती ने उससे शादी करने की बात कही तो वह आनाकानी करने लगा। इससे युवती को उस पर शक हो गया। मंगलवार को युवती शिकायत लेकर महिला थाना पहुंच गई। उसने आपबीती पुलिस को सुनाई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सबूतों को जुटाया जा रहा है।