सलूणी (चंबा)। मनरेगा के तहत कार्य करने वाले खच्चर मालिकों का भुगतान लटक गया है। हैरानी की बात तो यह है कि जिन लोगों ने विभिन्न कार्यों में निर्माण सामग्री के ढुलान का कार्य किया है, उनको भुगतान करने के बजाय अन्य व्यक्ति के खाते में राशि डाल दी गई है। मामला विकास खंड सलूणी के तहत आती ग्राम पंचायत भड़ेला का है।
प्रभावित देवो राम निवासी भड़ोग, भागणू निवासी हलोई और रमेश कुमार गांव हलेला ने बताया कि सादली नाला फुट ब्रिज, पनियारा से सिलोट, गंभीर और हलोई पनिहार निर्माण कार्यों में सीमेंट, बजरी और रेत के ढुलान का कार्य उन्होंने किया है। जब लंबे समय तक भुगतान न होने के चलते उन्होंने पूछताछ शुरू की तो उन्हें पता चला कि राशि का भुगतान उस व्यक्ति के खाते में किया गया है, जिसने काम ही नहीं किया। प्रभावितों ने बताया कि वे गरीब परिवार से संबंध रखते हैं और खच्चरों के माध्यम से ढुलाई कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी सलूणी से मांग की है कि जल्द उनका मेहनताना दिया जाए।