चंबा। जिले में राशन कार्ड उपभोक्ता ई-केवाईसी के लिए दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। इससे विभाग को शतप्रतिशत लक्ष्य हासिल करने में दिक्कत हो रही है। कहीं डिपो होल्डर इसमें दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं तो कहीं, राशन कार्ड उपभोक्ता ई-केवाईसी के लिए डिपुओं तक नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में विभाग को यह लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से समस्त डिपो संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तय तिथि के तहत सभी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी करवाएं।
जानकारी के मुताबिक अब तक 41 प्रतिशत राशन कार्ड उपभोक्ताओं की ही ई-केवाईसी पूरी हो पाई है जबकि 59 प्रतिशत उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी होनी बाकी है। लोग हर माह डिपुओं से राशन तो ले रहे हैं लेकिन ई-केवाईसी के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। हालांकि, कुछ समय पहले विभाग की ओर से डोर-टू-डोर जाकर ई-केवाईसी के लिए विशेष अभियान शुरू करने के प्रयास भी किए गए थे लेकिन यह प्रयास सार्थक सिद्ध नहीं हो पाए। बहरहाल, ई-केवाईसी की प्रगति रिपोर्ट बढ़ नहीं पाई।
जिले में इतने राशन कार्ड धारक
चंबा में राशन कार्ड धारकों की संख्या 1,44,310 है जिनकी ई-केवाईसी होनी है। बच्चों और बुजुर्गों के फिंगर प्रिंट मिलान न होने से भी ई-केवाईसी की प्रगति रिपोर्ट पर असर पड़ रहा है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि जिले में 41 प्रतिशत राशन कार्ड उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी हो गई है। कहा कि 31 अगस्त तक इसकी समयावधि है। इसके बारे में सभी डिपो संचालकों को निर्देश दिए गए हैं।